ग्राम झाबरी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को दिया स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

बहादराबाद (हरिद्वार)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम झाबरी, विकासखंड बहादराबाद, जनपद हरिद्वार में Panasonic Life Solutions India Private Limited के ‘आरोग्या कार्यक्रम’ के अंतर्गत एक विशेष योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन Rajat Shahari Evam Gramotthan Sansthan द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य तथा योग के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर डॉ. बेबी एवं उनकी टीम ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा दैनिक जीवन में योग के महत्व को विस्तारपूर्वक समझाया। इस दौरान डॉ. बेबी ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से योग करने से व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है तथा एक बेहतर, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपना सकता है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि यदि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर अधिक सकारात्मक एवं बेहतर जीवन जी सकता है। कार्यक्रम के दौरान डायटीशियन पारुल, मोहित कटारिया एवं अंकित कुमार ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, पोषण, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की और दैनिक जीवन में अच्छे स्वास्थ्य व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, योग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!