एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज परिसर में हुआ भव्य पौधारोपण अभियान

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के उपलक्ष्य में ‘द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया’ (ICAI) की हरिद्वार शाखा द्वारा अपने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला का शानदार शुभारंभ किया गया। इस सेवा सप्ताह के अंतर्गत सर्वप्रथम भगत सिंह चौक के निकट स्थित ‘वीर भगत सिंह गौ सेवा धाम’ में एक विशेष गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ शाखा के सदस्यों द्वारा निराश्रित, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गौवंश के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयाँ, फल, हरा चारा तथा अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान सीए परिवार ने वर्षों से असहाय गौवंश की नि:स्वार्थ सेवा में जुटे श्री पवन भगवा जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार के परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए कॉलेज परिसर में विभिन्न छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया गया। हरिद्वार शाखा के पदाधिकारियों ने इस सफल अभियान और अनुकरणीय सहयोग के लिए कॉलेज के प्राचार्य प्रोफ़ेसर डॉक्टर सुनील कुमार बत्रा का विशेष रूप से आभार प्रकट किया।आईसीएआई हरिद्वार शाखा के अध्यक्ष सीए अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सेवा गतिविधियों का यह क्रम अनवरत जारी रहेगा। आज 1 जुलाई को मुख्य सीए दिवस के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर व वंचित बच्चों की शिक्षा के समर्थन हेतु विशेष पहल का भी प्रारंभ किया गया । साथ ही एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी प्रबुद्ध नागरिकों से इन जनहितकारी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया है।इस अवसर पर प्रोफ़ेसर डॉक्टर सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि आर्थिक जगत की रीढ़ कहे जाने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स जब सामाजिक और पर्यावरणीय चेतना के लिए आगे आते हैं, तो समाज में एक बेहद सकारात्मक संदेश जाता है। ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में वृक्षारोपण अब केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की रक्षा का एकमात्र जरिया बन चुका है। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज परिवार हमेशा से हरित चेतना (Green Awareness) और सतत विकास का पक्षधर रहा है। आईसीएआई हरिद्वार शाखा द्वारा कॉलेज परिसर में किया गया यह पौधारोपण हमारी आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। हम सीए संस्थान के इस सेवाभावी प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हैं।इस अवसर पर सीए प्रखर गुप्ता (सचिव), सीए वासु अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), सीए अनिल जैन, सीए अनिल कुमार जैन, सीए विकास बंसल, सीए राकेश तनेजा, सीए चित्रा नाहटा, सीए रोहित खुराना, सीए अंकित वर्मा, सीए अर्पित वर्मा, सीए अमन भारद्वाज, सीए योगेश सचदेवा, सीए आशुतोष पांडेय, सीए श्याम अरोड़ा, सीए सुमीत अग्रवाल, सीए अंशुल अग्रवाल, सीए सौरभ अग्रवाल, सीए करण ध्यानी सहित अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी समाज सेवा, पर्यावरण और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!