अजय वर्मा, अश्वनी कुमार
देहरादून। माननीय परिवहन मंत्री द्वारा उत्तराखंड परिवहन निगम की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया तथा विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान निगम की आय एवं व्यय की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। मंत्री ने राजस्व बढ़ाने तथा व्यय नियंत्रण हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए यात्री सुरक्षा एवं सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया। बैठक में नए बस अड्डों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। इसके अतिरिक्त निगम में रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने इन पदों को शीघ्र भरने के लिए ठोस एवं पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके। माननीय मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता को बेहतर, सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, महाप्रबंधक (कार्मीक) अनिल सिंह गरब्याल, महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी) पवन मेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
