अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को ‘खबर की ताकत’ समाचार पत्र का विमोचन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अतिथियों ने समाचार पत्र का विमोचन करते हुए इसे जनसरोकारों की सशक्त आवाज बताया तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता के लिए शुभकामनाएं दीं। समाचार पत्र का उद्देश्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना तथा भ्रष्टाचार, अन्याय और शोषण के विरुद्ध निर्भीकता से कलम चलाना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और ‘खबर की ताकत’ सत्य, निष्पक्षता एवं जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मीडिया जगत में एक नई पहचान स्थापित करेगा। इस अवसर पर कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा हिंदी पत्रकारिता और समाचार पत्र देश की रीढ सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने देश में सबसे पहले निकलने वाले समाचार पत्र की जानकारी भी अपने वक्तव्य में प्रस्तुत की कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने किया। उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया आज भी विश्वसनीय पत्रकारिता का सबसे सशक्त माध्यम है। समाचार पत्रों में प्रकाशित तथ्य समय-समय पर न्यायालयों में भी साक्ष्य के रूप में , प्रस्तुत किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है और समाज को न्याय दिलाने में मीडिया की भूमिका सदैव अग्रणी रही है। जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि सच्चा पत्रकार कभी भी सत्ता या प्रभाव के दबाव में नहीं झुकता। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और भ्रष्टाचार पर प्रहार करना है। उन्होंने कहा कि श्रीमती उपासना तेश्वर एक ऊर्जावान, जुझारू और समर्पित पत्रकार हैं, जिनकी कार्यशैली निश्चित रूप से पत्रकारिता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगी। वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘खबर की ताकत’ समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त अभियान चलाएगा। समारोह के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने ‘खबर की ताकत’ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह समाचार पत्र जनसरोकारों को प्रमुखता देगा, सामाजिक सरोकारों की आवाज बनेगा तथा निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण कार्य करेगा। समारोह के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत, स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है तथा ‘खबर की ताकत’ इस दिशा में एक सशक्त पहल साबित होगी। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, मनोज सैनी, राकेश वालिया, अनिल बिष्ट, हरपाल सैनी, मनोज कश्यप, अशोक पांडे, नीतू सिंह, सोम त्यागी, विकास चंदरा, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, हरिनारायण, तरुण शुक्ला, विजय बंसल, कमल शर्मा, पूजा शर्मा, अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा, ऋतिक कुमार, अजय कांगड़ा, प्रवीण अरोड़ा, पंकज चौहान, चंद्रशेखर गोस्वामी, चंचल तोमर, प्रदीप यदुवंशी, राजवीर सिंह, सुनील कुमार, हैप्पी बबली त्यागी मुकेश, नीतू कुमार अशोक पांडे सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
