अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त जी की अध्यक्षता में ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ के सुअवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित समस्त न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय के समस्त कर्मचारीगण को जनपद न्यायाधीश द्वारा लोकतंत्र की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता जागरूकता को अनिवार्य बताया। वहीं, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीतकौर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का मत राष्ट्र के भविष्य की दिशा निर्धारित करता है, इसलिए विधिक साक्षरता के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में न्यायालय के समस्त अनुभागों के अधिकारी और कर्मचारी सम्मिलित हुए, जिन्होंने सामूहिक रूप से लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुपालन का संकल्प लिया।
