कुंभ मेले की तैयारियां तेज, अपर मेलाधिकारी ने स्वर्गाश्रम क्षेत्र के 16 घाटों का किया निरीक्षण

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार।आगामी कुंभ मेले को देखते हुए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाटों की स्थिति का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने अभियंताओं की टीम के साथ स्वर्गाश्रम क्षेत्र के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

पौड़ी जनपद स्थित स्वर्गाश्रम क्षेत्र में वेद निकेतन घाट, गंगा दर्शन घाट, लक्ष्मी नारायण घाट, साधु समाज घाट, वानप्रस्थ घाट, बॉम्बे घाट, किरमोला घाट सहित कुल 16 घाटों का मेला प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए उनके मरम्मत एवं सुधार कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

 

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घाटों की मरम्मत और सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर पर्याप्त रेलिंग लगाने के साथ ही जलधारा के समीप मजबूत चेन की व्यवस्था की जाए, ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि घाटों से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। मेले के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सभी सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने को कहा गया।

 

अपर मेलाधिकारी ने घाटों के आसपास प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा मार्गों की सुगमता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए, जिससे कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान की बेहतर व्यवस्था मिल सके।इस अवसर पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के सहायक अभियंता एस.के. तोमर, सिंचाई खंड दुगड्डा के सहायक अभियंता जिले सिंह सहित मेला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!