अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
रुड़की। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रुड़की में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल क्रिएटर्स एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने माननीय मुख्यमंत्री जी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज सोशल मीडिया केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सकारात्मक परिवर्तन का एक सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया का उपयोग समाज को जोड़ने, उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, लोक परंपराओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए करें। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “फॉलोअर्स बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है भरोसा कमाना।” मुख्यमंत्री जी ने आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘डिजिटल इंडिया’ के विजन को उत्तराखंड में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और तकनीक को सुशासन का प्रभावी माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और डिजिटल परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश के युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची और बिना सिफारिश के पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां देकर एक नया विश्वास कायम किया है। अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिलना प्रदेश की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने दृढ़ता से कहा कि “नया रुड़की, नया उत्तराखंड” केवल एक नारा नहीं, बल्कि धरातल पर विकास का संकल्प है। शिक्षा नगरी रुड़की अपनी युवा शक्ति, तकनीकी क्षमता और नवाचार के बल पर विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल क्रिएटर्स, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक डिजिटल संवाद से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस गरिमामयी अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप, सागर गोयल, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, बृजमोहन सैनी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक समेत अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
