अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलवे स्टेशन परिसर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, जीआरपी उत्तराखंड के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों पर बीडीएस (बम स्क्वॉड) टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग स्थल, टिकट घर तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का अत्याधुनिक बम डिटेक्शन उपकरणों एवं सुरक्षा संसाधनों की सहायता से गहन निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में मिले लावारिस एवं संदिग्ध सामान की भी सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है।चेकिंग के दौरान यात्रियों एवं कांवड़ यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उनसे अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल जीआरपी, आरपीएफ अथवा स्थानीय पुलिस को दें। साथ ही अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।जीआरपी उत्तराखंड द्वारा कांवड़ मेले के दौरान सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगातार सुरक्षा जांच, गश्त एवं निगरानी की जा रही है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु एवं यात्री को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
