कलयुग में सबसे बड़ी है बालाजी की शक्ति : श्रीमहंत रविंद्रपुरी

हरिद्वार । श्यामपुर कांगड़ी स्थित श्री श्याम बैकुंठ धाम में बालाजी दरबार का आयोजन किया गया। श्री श्याम बैकुंठ धाम के परमाध्यक्ष स्वामी श्याम सुंदर महाराज के संयोजन में आयोजित बालाजी दरबार में उत्तराखण्ड सहित कई राज्यों से आए भक्तों ने हाजरी लगायी और उनके कष्टों का निवारण किया गया दरबार के समापन पर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों को आशीवर्चन प्रदान करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कलयुग में बालाजी की शक्ति सबसे बड़ी है। श्रद्धा और विश्वास के साथ बालाजी महाराज के दरबार में हाजरी लगाने वाले भक्तों के सभी संकट बालाजी महाराज की कृपा से दूर हो जाते हैं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि श्रद्धालु भक्तों को ज्ञान की प्रेरणा देकर सद्मार्ग पर अग्रसर करना ही संतों का उद्देश्य है। भक्तों के कष्टों के निवारण के लिए बालाजी दरबार का आयोजन कर स्वामी श्याम सुंदर महाराज ने सराहनीय कार्य किया है। जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। स्वामी श्याम सुंदर महाराज ने कहा कि परमार्थ के लिए जीवन समर्पित करने वाले संतों के सानिध्य में ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि रामदूत हनुमान के स्वरूप बालाजी महाराज के दरबार में हाजरी लगाने मात्र से ही समस्त नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव दूर हो जाता है। जिससे जीवन सहज और सरल हो जाता है। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति सबका कल्याण करने वाली संस्कृति है। रामजी के काज संवारने वाले बालाजी महाराज अपने भक्तों का सदैव कल्याण करते हैं। जो व्यक्ति पूर्ण विधि विधान के साथ बालाजी महाराज की आराधना करते हैं। उनका जीवन सदैव निष्कंटक व्यतीत होता है। भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितांनद गिरी एवं स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि स्वामी श्याम सुंदर महाराज सनातन परंपरांओं को आगे बढ़ाने के साथ गरीब असहाय परिवारों की सेवा और गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग कर रहे हैं। उनके संयोजन में आयोजित बालाजी दरबार अवश्य ही कल्याणकारी होगा और बालाजी महाराज की कृृपा से भक्तों को कष्टों से मुक्ति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!