श्री अवधूत मंडल आश्रम बाबा हीरादास जी हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार स्थित श्री अवधूत मंडल आश्रम बाबा हीरादास जी हनुमान मंदिर, सिंहद्वार में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में महामंडलेश्वर, संत-महात्माओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु परंपरा का सम्मान किया तथा गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री सद्गुरु देव के पंचामृत अभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन से हुआ। संत-महात्माओं ने अपने प्रवचनों में गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन को ज्ञान और सत्य के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। आश्रम के प्रमुख अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. संतोषानंद देव महाराज ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का अत्यंत पवित्र पर्व है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के जीवन का निर्माण कर उसे धर्म, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देते हैं। गुरु के बताए आदर्शों को अपनाकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल और समाज को संस्कारित बना सकता है। उन्होंने कहा कि आश्रम में आयोजित ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सद्भाव, संस्कार और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!