अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। दिनांक 16/05/2026 को एक महिला निवासी हरियाणा, जो हल्द्वानी के एक राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं, द्वारा थाना काठगोदाम पर उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उनका काले रंग का बैग रेलवे स्टेशन काठगोदाम परिसर में कहीं गुम हो गया है। उक्त बैग में ₹38,772/- नगद, एटीएम कार्ड, आई-कार्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा 02 अंगूठियां रखी हुई थीं।
सूचना प्राप्त होते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी में नियुक्त हे0कानि0 अनिल कुमार द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल रेलवे स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में सघन खोजबीन प्रारंभ की गई। अथक प्रयासों के उपरांत ट्रेन संख्या 15013 रानीखेत एक्सप्रेस के कोच संख्या B-3 की सीट संख्या 59 के नीचे उक्त बैग सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया।
इसके पश्चात समस्त सामान का मिलान कर बैग को सकुशल उसकी स्वामिनी के सुपुर्द किया गया। अपना समस्त सामान सुरक्षित वापस प्राप्त होने पर महिला चिकित्सक द्वारा अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड जीआरपी थाना काठगोदाम पुलिस की कार्यकुशलता, ईमानदारी एवं त्वरित कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
उत्तराखंड जीआरपी लगातार यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु प्रतिबद्ध है।
