श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गूंजा ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित अग्रवाल भवन में जय मां बनभौरी देवी एवं महाराजा अग्रसेन परिवार, चंडीगढ़ की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव का भव्य और भावपूर्ण प्रसंग सुनाया गया। श्रीधाम वृंदावन से पधारीं पूज्या साध्वी समाहिता जी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की दिव्य कथा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान पूरा कथा पंडाल ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और मंगलगीतों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी मनाई। नंदोत्सव में भक्तों ने बाल गोपाल के वात्सल्य स्वरूप का आनंद लिया और वातावरण कृष्णमय हो गया।

साध्वी समाहिता जी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि मनुष्य को भक्ति, सदाचार, प्रेम, करुणा और संस्कारों से जोड़ने वाला आध्यात्मिक मार्ग है।

कथा में चंडीगढ़, हिसार, दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे और भाव-विभोर होकर कथा का श्रवण किया। आयोजन को सफल बनाने में पवन गर्ग, राजेंद्र गर्ग, रमेश मित्तल, सोनी मित्तल, निर्मल सिंगला एवं राहुल गुप्ता सहित परिवार के सदस्य विशेष सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!