अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार गठित पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) के अंतर्गत मृतक पत्रकार स्वर्गीय रामराजा की पत्नी श्रीमती शालू को 5 लाख के आर्थिक सहायता का चेक जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य श्रीमती शशि शर्मा एवं अमित शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों, गंभीर बीमारी से पीड़ित सक्रिय पत्रकारों तथा मृतक पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों एवं उनके परिवारों के हित में संचालित यह पहल सराहनीय और संवेदनशील प्रयास है। पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य श्रीमती शशि शर्मा एवं अमित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी की पहल पर पत्रकारों और उनके आश्रितों को समय-समय पर आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ उपलब्ध हो रहा है।
