कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी: रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रेलवे और मेला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी लाते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लिया तथा मेला प्रशासन, रेलवे एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं का आकलन किया।

 

मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित बैठक में आगामी वर्ष 14 जनवरी से 20 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, रेलवे संचालन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार ने कहा कि कुंभ मेले जैसे विशाल आयोजन में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे कुंभ मेला-2027 के आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा तथा मेला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान उत्पन्न होने वाली प्रत्येक संभावित परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए अभी से व्यापक एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। रेलवे, मेला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना आवश्यक है।

 

श्री सतीश कुमार ने विशेष रूप से रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान यात्री दबाव कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों, अतिरिक्त कोचों, प्लेटफॉर्म प्रबंधन तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता को प्रत्येक व्यवस्था का केंद्र बिंदु बनाया जाए।

 

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने रेलवे स्टेशनों तथा अन्य प्रवेश बिंदुओं पर पर्याप्त क्षमता वाले सुविधायुक्त होल्डिंग एरिया विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए ऐसे क्षेत्रों का विकास आवश्यक है, जहां यात्रियों को नियंत्रित एवं व्यवस्थित ढंग से रोका तथा आगे बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने निकासी व्यवस्था को भी समान रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भीड़ की सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं त्वरित निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी एवं नियंत्रण व्यवस्था कुंभ जैसे आयोजनों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती है। इसलिए सीसीटीवी निगरानी, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय लिया जा सके।

 

बैठक के उपरांत रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीकृत निगरानी एवं नियंत्रण व्यवस्था का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेले के दौरान तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।

 

इस अवसर पर मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला-2027 को लेकर चल रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मेला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के सहयोग से आधारभूत सुविधाओं, परिवहन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं श्रद्धालु सुविधाओं से संबंधित योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि विगत कुंभ मेलों के अनुभवों तथा हाल के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान उमड़ी भारी भीड़ के विश्लेषण के आधार पर अनुमान लगाया गया है कि आगामी कुंभ मेला-2027 के प्रमुख स्नान पर्वों पर सवा करोड़ से लेकर दो करोड़ तक श्रद्धालुओं का आगमन हो सकता है। इस संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

 

मेलाधिकारी ने कहा कि रेल मार्ग से हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक रहती है। इसलिए रेलवे विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने रेलवे से पर्याप्त संख्या में विशेष ट्रेनों के संचालन, रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा भीड़ प्रबंधन के लिए समन्वित व्यवस्था विकसित करने का अनुरोध किया।

 

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि संभावित यात्री भार को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, यात्रियों के मार्गदर्शन, भीड़ नियंत्रण, टिकटिंग व्यवस्था तथा विशेष ट्रेनों के संचालन को लेकर विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।

 

बैठक में रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री ऋषि कुमार ने रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी दी। एसएसपी (कुंभ) श्री आयुष अग्रवाल ने भीड़ एवं ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से एकीकृत यातायात एवं भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की जा रही है। अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने कुंभ मेले को लेकर विभिन्न स्तरों पर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।

 

बैठक में रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (वाणिज्य), उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, प्रमुख मुख्य अभियंता, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सहित रेलवे, मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!