भगवान श्री हनुमान जी की भक्ति मनुष्य के भीतर साहस, समर्पण, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का संचार करती है : महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। श्री अवधूत मंडल आश्रम के श्री हीरादास हनुमान मंदिर में सद्गुरुदेव स्वामी सत्यदेव जी महाराज के अवतरण दिवस एवं श्री अवधूत मंडल पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर 1008 डॉ. स्वामी संतोषानंद देव जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धर्म सम्मेलन आयोजित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और विशाल भंडारे के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति एवं मानव सेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धर्म सम्मेलन को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने कहा कि धर्म जीवन का आधार है और सेवा ही सच्ची साधना है।

भगवान श्री हनुमान जी की भक्ति मनुष्य के भीतर साहस, समर्पण, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का संचार करती है। सच्ची श्रद्धा और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वह भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जुड़कर सेवा, सदाचार एवं राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़े। स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का पुनीत कार्य है। इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। भगवान के प्रति सच्ची भक्ति का अर्थ उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना और निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को भक्ति और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान श्री हनुमान जी को छप्पन भोग एवं सवामणि अर्पित की गई। इसके साथ ही सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!