अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। जीआरपी लक्सर पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन लक्सर पर चेकिंग एवं गश्त के दौरान प्लेटफार्म नंबर 01 पर पुलिस टीम को एक नाबालिग बालक सहमा हुआ एवं रोता-बिलखता लावारिस अवस्था में मिला। पुलिस टीम द्वारा बालक को तत्काल सुरक्षित रूप से जीआरपी थाना लक्सर स्थित खोया-पाया केंद्र में लाकर महिला कांस्टेबल 127 ममता की निगरानी में बैठाया गया। पुलिस कर्मियों द्वारा बालक को प्यार एवं दुलार से समझाकर उसका नाम-पता पूछा गया। बालक ने अपना नाम प्रियांशु तथा पता झलेरा, हिमाचल प्रदेश बताया। बालक द्वारा बताए गए पते के आधार पर जीआरपी पुलिस द्वारा गूगल के माध्यम से संबंधित थाना एवं ग्राम प्रधान से संपर्क स्थापित कर बालक के परिजनों की तलाश की गई। पुलिस के अथक प्रयासों से बालक के परिजनों से संपर्क हो गया तथा उन्हें थाना जीआरपी लक्सर बुलाया गया। थाना जीआरपी लक्सर पहुंचे परिजनों से आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन के उपरांत नाबालिग बालक को उसके पिता धर्मवीर सिंह, निवासी झलेरा, हिमाचल प्रदेश के सकुशल सुपुर्द किया गया। परिजनों द्वारा बताया गया कि वे दिनांक 02.10.2026 को ऊना से अंबाला अपनी रिश्तेदारी में आए थे। इसी दौरान उनका बालक घूमते-घूमते अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी बालक का पता नहीं चलने पर परिजनों द्वारा अंबाला पुलिस को मौखिक रूप से सूचना दी गई थी। अंबाला पुलिस द्वारा बालक की तलाश करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे। इसी दौरान जीआरपी लक्सर पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क कर बालक के लक्सर रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिलने की सूचना दी गई। सूचना पाकर परिजन तत्काल जीआरपी थाना लक्सर पहुंचे और अपने बालक को सकुशल पाकर अत्यंत प्रसन्न हुए। अपने बालक को सकुशल वापस पाकर परिजनों द्वारा जीआरपी लक्सर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।
