अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। पुरानी तहसील हरिद्वार में जन अधिकार संगठन ने बस्तियों को तोड़ने की धमकी देने के विरोध में एक धरना प्रदर्शन किया गया। शंकर आश्रम हरिद्वार पर एकत्रित होकर तहसील तक जुलूस निकाला, वहां सभा की। बाद में तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। इसमें क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन एवं प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र के कार्यकर्ता शामिल रहे। सभा में जन अधिकार संगठन के अध्यक्ष सुनील आनंद ने कहा कि उत्तराखंड में भूमि और आवास से जुड़े प्रश्न आज एक गंभीर सामाजिक कानूनी और संवैधानिक संकट बन गए हैं। यहां भूमि केवल एक भौतिक संसाधन नहीं बल्कि लोगों की आजीविका, आवास, सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक संरचना आदि गरिमा पूर्ण जीवन का आधार है। शहरी क्षेत्र में बड़ी आबादी मजदूर बस्तियों और अनौपचारिक बस्तियों में रहने को मजबूर है। प्रशासन द्वारा कथित रूप से बस्तियों में जाकर डराने धमकाने और बस्तियों को उजाड़ने की बात कही जा रही है। जिससे बस्ती में आक्रोश का माहौल है। जन अधिकार संगठन के ओमपाल ने कहा कि सरकार द्वारा लाये गए 2016 नियतीकरण कानून को लागू नहीं किया जा रहा है। सरकार का काम लोगों को बसाने का होना चाहिए लेकिन सरकार तमाम बस्तियों को अवैध बता कर लोगों को उजड़ने का काम कर रही है। उत्तराखंड सहित देश की सभी बस्तियों का नियमितीकरण कर भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक मिलना चाहिए।प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की नीता ने कहा कि सरकार तमाम मजदूर बस्तियों को उजाड़ने के साथ-साथ हर विरोध की आवाज को दबा देना चाहती है। पहले मजदूरों के आंदोलन का दमन किया और अब पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों का दमन किया। दिल्ली पुलिस द्वारा छात्रों पर लाठी डंडे, पानी की बौछारे, आसू गैस आदि के जरिए दमन किया गया छात्राओं के कपड़े फाड़े गए, उनके निजी अंगों को छुआ गया जो कि बेहद निंदनीय कृत्य है। तो ये सरकार न तो मजदूरों की है न महिलाओं की, न छात्रों की और न ही आम मेहनतकश जनता किसी की नहीं है। यह केवल और केवल पूंजीपतियों की ही सरकार है। जो पूंजीपतियों की इस पूंजीवादी व्यवस्था को चलने का काम करती है। हमें इसके खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है। कार्यक्रम में ओमपालसिंह, सुनील आनंद, मोहम्मद जॉक, नासिर अहमद, नीता, विश्वजीत सिंह, विकास बेनीवाल,आरती, सावित्री, नीतू, रेखा, चम्पा, मुन्नी,देवरती,अंजली,संतराम, रोहित, बलविंदर, संजीव,रजनी, रंजीत,नितिन,सोनी रावत,हनिपा, आदि शामिल रहे।
