जियालाल गर्ग परिवार उचाना कला द्वारा भूपतवाला स्थित अग्रवाल भवन में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित अग्रवाल भवन में जियालाल गर्ग परिवार, उचाना कला के तत्वावधान में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ हो रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर श्रीमद् भागवत महापुराण का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा व्यास कुंज बिहारी दास जी भक्तमाली जी ने बताया कि भागवत कथा को सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का आधार बताते हुए श्रद्धालुओं से भगवान के नाम स्मरण एवं सत्संग से जुड़ने का आह्वान किया गया। श्रीमद् भागवत कथा को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र एवं मोक्षदायिनी माना जाता है।

कथा के दौरान भजन-कीर्तन एवं भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वक्ताओं ने कहा कि कलियुग में श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है तथा उसे धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करता है। इस अवसर पर जियालाल गर्ग परिवार ने सभी श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्थाएं कीं। कथा के समापन पर प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया। आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कथा को सफल बनाया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!