ई-रिक्शा एवं तिपहिया वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान,179 वाहनों के चालान एवं 21 वाहन सीज

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे ई-रिक्शा एवं तिपहिया वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान विशेष रूप से 44 ई-रिक्शा तथा 38 यात्री तिपहिया वाहनों सहित कुल 82 ई-रिक्शा एवं तिपहिया वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, कर एवं आवश्यक प्रपत्रों के वाहन संचालित करने सहित विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। अभियान में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी एवं टास्क फोर्स चिड़ियापुर के मुकेश भारती द्वारा प्रमुख भूमिका निभाई गई। इनके अतिरिक्त परिवहन विभाग के बाइक स्क्वाडों द्वारा भी अभियान में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच एवं चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान में ई-रिक्शा एवं तिपहिया वाहनों के अतिरिक्त दोपहिया, बस, मालवाहक, मोटर कैब, मैक्सी कैब तथा अन्य श्रेणी के वाहनों की भी जांच की गई। परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 179 वाहनों के चालान किए गए तथा गंभीर अनियमितता वाले 21 वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त 65 मामलों में वाहन संबंधी दस्तावेज इम्पाउंड किए गए।चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, बिना वैध बीमा, परमिट, कर एवं ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन, परमिट शर्तों का उल्लंघन, वाहन में अनधिकृत परिवर्तन, मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने तथा रिफ्लेक्टर एवं सीट बेल्ट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यह अभियान हरिद्वार-देहरादून मार्ग, सिडकुल, रानीपुर मोड़, रावली महदूद, चंडी चौक, बहादराबाद तथा एनएच-34 सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों में चलाया गया। परिवहन विभाग द्वारा ई-रिक्शा एवं तिपहिया वाहन संचालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने, वाहन के समस्त वैध प्रपत्र साथ रखने तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!