अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
ऋषिकेश। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी ऋषिकेश ने मानवीय संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही का परिचय देते हुए हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ी एक महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया।आज दिनांक 21 जून 2026 को रेखा देवी पत्नी अर्जुन, निवासी चारबाग, शाहजी नगर, मोहन मार्केट, डालीगंज, निराला नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश), उम्र लगभग 47 वर्ष, हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान अपने परिवार से बिछड़कर ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पहुंच गई थीं। रेलवे स्टेशन पर महिला के अकेले होने की सूचना मिलने पर जीआरपी चौकी ऋषिकेश के पुलिस कर्मियों ने तत्काल उनसे पूछताछ कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।महिला द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर जीआरपी टीम ने उनके परिजनों की तलाश शुरू कर उनसे संपर्क स्थापित किया। संपर्क के दौरान महिला के बड़े भाई विजय कुमार पुत्र सुदामा तथा भाई आनंद कुमार पुत्र सुदामा, निवासी निराला नगर, लखनऊ ने बताया कि उनकी बहन हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान उनसे बिछड़ गई थी और वे लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।जीआरपी चौकी ऋषिकेश द्वारा दोनों परिजनों को महिला के सकुशल होने की सूचना देकर चौकी पर बुलाया गया। परिजनों के चौकी पहुंचने पर आवश्यक सत्यापन एवं पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण की गईं तथा रेखा देवी को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बहन को सुरक्षित पाकर परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जीआरपी उत्तराखण्ड की त्वरित कार्यवाही, संवेदनशील व्यवहार एवं उत्कृष्ट सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीआरपी पुलिस की तत्परता एवं मानवीय दृष्टिकोण के कारण उनकी बहन सुरक्षित रूप से उन्हें वापस मिल सकी। जीआरपी उत्तराखण्ड द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर तत्परता से कार्य किया जा रहा है।
