केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद के सभी विकास खंडों में व्यापक स्तर पर जन-कल्याण शिविरों का आयोजन

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद हरिद्वार के सभी विकास खंडो बहादराबाद, लक्सर, खानपुर, रुड़की, भगवानपुर एवं नारसन में व्यापक स्तर पर जन-कल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी सेवाओं एवं महिला एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

 

शिविरों में समाज कल्याण, कृषि, खाद्य आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, पंचायती राज, सहकारिता, आंगनवाड़ी, आशा, पशुपालन, उद्यान एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण किया गया तथा कई योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, ग्राम स्तरीय संगठनों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

 

*बहादराबाद विकास खंड*

खंड विकास अधिकारी कार्यालय में आयोजित शिविर में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पंजीकरण किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।

 

ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आशा नेगी एवं खंड विकास अधिकारी श्री मानस मित्तल ने उपस्थित ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार हेतु 20 बालिकाओं को किशोरी किट वितरित की गई तथा 02 गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी प्रदान की गई। साथ ही गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

 

विकास खंड बहादराबाद शिविर में कुल 368 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया, 17 विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं तथा लगभग 245 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ/जानकारी उपलब्ध कराई गई।

 

*लक्सर विकास खंड*

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में पूर्व विधायक संजय गुप्ता एवं ग्राम प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत की उपस्थिति रही। शिविर में तहसील स्तर के अधिकांश विभागों ने सक्रिय सहभागिता की।

ग्रामोत्थान योजना के अंतर्गत सीएलएफ समूह की 05 महिलाओं को फूड वैन संचालन हेतु 6 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत 05 महिला स्वयं सहायता समूहों को 5-5 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। बाल विकास विभाग द्वारा 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया।

 

*खानपुर विकास खंड*

खानपुर में आयोजित शिविर में 233 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया तथा 09 विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान 28 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।

 

शिविर में किसानों, श्रमिकों एवं आमजन को कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं खाद्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, पंजीकरण एवं अन्य सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं।

 

*रुड़की विकास खंड*

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लुबना राव की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में डिजिटल सेवाएं, बैंकिंग योजनाएं, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य जनसेवाओं से संबंधित सुविधाएं प्रदान की गईं।

समाज कल्याण विभाग द्वारा गरीब परिवारों की 05 बालिकाओं को विवाह सहायता के रूप में 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। शिविर में कृषि, पंचायती राज, समाज कल्याण, उद्यान, श्रम, खाद्य आपूर्ति, पशुपालन, लोक निर्माण, सहकारिता, आंगनवाड़ी एवं वन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

 

*नारसन विकास खंड*

नारसन में आयोजित शिविर में 340 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया तथा 15 विभागों द्वारा विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं। लगभग 190 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंकिंग प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

*भगवानपुर विकास खंड*

खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार जोशी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को विशेष रूप से स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 03 लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं। पशुपालन विभाग द्वारा 03 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा बाल विकास विभाग द्वारा 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। शिविर के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित इन जन-कल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा “संतृप्ति” के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!