अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार । विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायक विनोद चमोली और किशोर उपाध्याय द्वारा दिए गए बयानों के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महरूफ सलमानी व शहजाद अली के संयोजन में पथरी गढ़मीरपुर चौक पर प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। पुतला दहन करने से पूर्व कार्यकर्ता ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और भाजपा विधायकों द्वारा दिए गए विवादित बयानों की निंदा करते हुए विधायकों द्वारा पर्वतीय और मैदानी का विवाद खड़ा करने आरोप लगाया। इस अवसर पर महरूफ सलमानी ने कहा कि राज्य का विकास करने और युवाओं को रोजगार देने में नाकाम भाजपा सरकार और उसके विधायक जनता का ध्यान बांटने के लिए पहाड़ और मैदान का विवाद खड़ा कर रहे हैं। भाजपा और सरकार को विधायकों पर कार्रवाई करनी चाहिए। शहजाद अली जिला महासचिव युवा कांग्रेस व अर्जुन कर्णवाल ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार जनता की भावनाओं को आहत करने वाले विवादित बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की एकता को खंडित करने का प्रयास कर रही भाजपा को जनता चुनाव में सबक सिखाएगी। प्रदर्शन और पुतला दहन करने वालों में सुल्तान उर्फ सादा, पीर मोहम्मद, विनित चौहान, सैफ अली, बाबर राजपूत, इरशाद अली, सागर, बीरसिंह सैनी, राजेन्द्र कुमार, हसीन, बिलाल अंसारी, शोएब, नदीम अली, नाजिम, अर्जुन शहनवाज उर्फ हाजी, सलमान, नूर आलम, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
