नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अंतर्गत वार्ड नं० 12 के रामधाम, देव नगर एवं संत कृपाल नगर में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सड़क, नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारम्भ किया

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वार्ड नं० 12 के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही थीं, जिनके समाधान के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद जहां एक ओर जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इससे स्थानीय निवासियों, बच्चों, बुजुर्गों एवं व्यापारियों सभी को लाभ प्राप्त होगा।

उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि योजनाबद्ध और स्थायी विकास सुनिश्चित करना है। प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि विकास कार्यों में सहयोग बनाए रखें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएंगे।

नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और प्रत्येक वार्ड को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर सभासद गरिमा सिंह,हरिओम चौहान, विरेन्द्र अवस्थी, राजकुमार यादव, रमेश पाठक, राधेश्याम कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी,हरेंद्र कुमार,सूरज नेगी ,अंकित श्रीवास्तव, हीरा सिंह बिष्ट, भास्कर, भगवती वल्लभ, राजकरण , सूर्य प्रताप सिंह, देव विख्यात भाटी, अंशुल शर्मा, रवि वर्मा, आदित्य मलिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता बंधु व बड़ी संख्या मे स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!