अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज मायापुर, हरिद्वार में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष परम पूज्य महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी जी महाराज (भारत माता मंदिर) एवं मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक जी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉ. विजयपाल सिंह, डॉ. रजनीकांत शुक्ल, प्रबंधक श्री जगपाल सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रभुदयाल अग्रवाल तथा प्रभारी प्रधानाचार्य श्री अजय सिंह द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर भैया बहनों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री जगपाल जी एवं भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक डॉ विजयपाल सिंह जी ने पुष्प गुच्छ एवं शॉल भेंट कर मुख्य अतिथि और कार्यक्रम अध्यक्ष को सम्मानित किया। प्रबंध समिति के सभी सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम अध्यक्ष का स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री अजय सिंह जी ने विद्यालय के बोर्ड परीक्षा के परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय अपनी स्थापना के समय से ही प्रत्येक वर्ष बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में अपना स्थान बना रहा है। इस वर्ष भी बोर्ड की मेरिट सूची में हाई स्कूल से 5 भैया बहनों और इंटरमीडिएट से एक बहन ने स्थान प्राप्त किया।बोर्ड परीक्षा सत्र 2024-25 में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए, जिनमें साहिल मौर्य को बोर्ड की मेरिट सूची में टॉप 10 में आने पर ₹3100 तथा दीक्षा चौधरी, अनमोल और नागेश पनेरू को टॉप 25 में आने पर ₹2100 दिए गए। कक्षा 12 की वर्षा नेगी को भी ₹2100 और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 47 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली निशा सरोज, यश सक्सेना और गौरी को भी सम्मान प्राप्त हुआ, जबकि इंस्पायर अवार्ड में राष्ट्रीय स्तर हेतु चयनित हिमांशु शुक्ला तथा वैदिक गणित में अखिल भारतीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान दिया गया। आज के कार्यक्रम में 122 माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार के चेक भी प्रदान किए गए। अपने संबोधन में महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी जी ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों और समाज दोनों को प्रेरणा देते हैं। श्री मदन कौशिक जी ने कार्यक्रम का समापन करते हुए विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं छात्रों एवं प्रबंध समिति को शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा कहा कि भविष्य में भी छात्र-छात्राएं उत्तरोत्तर सफलता प्राप्त करके और जो भी वो करना चाहते हैं या बनना चाहते हैं उनका मार्गदर्शन किया जाए ताकि वह अपना लक्ष्य प्राप्त कर सकें। उन्होंने विद्यालय को मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए 10 लाख रुपये तक के कम्प्यूटर देने की घोषणा की और उन बच्चों की प्रशंसा की जिन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी विद्यालय का नाम रोशन किया विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री अजय सिंह जी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
