अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा नवोदय नगर के वार्ड संख्या-13 में गली नंबर-7 स्थित छठ मैया पार्क में छठ महापर्व के दृष्टिगत सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस पावन अवसर पर छठ मैया पार्क में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं व्रतियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसी उद्देश्य से इस सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व जैसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। छठ मैया पार्क में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं व्रती पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने से उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी और पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकेंगी।उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, पथ प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए नगर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य विकास कार्यों को केवल कागजों तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारना और प्रत्येक क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जनहित के कार्यों को आगे भी इसी प्रकार प्राथमिकता के साथ कराया जाता रहेगा। इस अवसर पर सभासद दीपक नौटियाल, अवधेश राय, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, बिंदरपाल, श्वेता सिंह, भानु प्रताप सिंह, प्रदीप चंदेल, सुधांशु राय, जटाशंकर श्रीवास्तव, कुबेरनाथ, रणविजय पांडेय, राज नारायण मिश्रा, शिव शंकर मिश्रा, विपिन पांडेय, आकाश पाल, रामनिवास गुर्जर ,अंशुल शर्मा, संदीप चौधरी, आदित्य मलिक ,शैलेश ,संचित डागर, संजय सिंह ,अरुण सिंह, राहुल भारद्वाज ,निलम रावत, अनुज राणा ,लवी त्यागी ,अजय सिंह, अमन सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता बंधु एवं बङी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
