गोल्फ कार एवं सिटी बसों के संचालन के विरोध में 30 अक्टूबर को नगर निगम हरिद्वार का घेराव करेगा संयुक्त महासंघ

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार द्वारा शहर में गंगा सारथी गोल्फ कारों के संचालन तथा सिटी बसों की व्यवस्था को लेकर ई-रिक्शा, ऑटो एवं विक्रम चालकों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय वाहन चालकों के रोजगार और हजारों परिवारों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए संयुक्त महासंघ हरिद्वार ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए 30 अक्टूबर 2026 को नगर निगम हरिद्वार के घेराव का ऐलान किया है। इस संबंध में महासंघ की ओर से नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय वाहन चालकों की समस्याओं से अवगत कराया गया है। महासंघ के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि नगर निगम द्वारा गोल्फ कारों का संचालन कराकर हजारों स्थानीय वाहन चालकों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा किया जा रहा है। महासंघ इस व्यवस्था का पूर्ण रूप से विरोध करता है। उन्होंने कहा कि गोल्फ कारों के संचालन में लागू नियमों, परमिट, पंजीकरण, रोड टैक्स, फिटनेस तथा व्यावसायिक श्रेणी से संबंधित प्रावधानों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि इन वाहनों का संचालन संबंधित नियमों के अनुरूप नहीं है, तो इन्हें चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में पहले से ही हजारों ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। इन वाहनों से हजारों परिवारों की आजीविका चलती है। ऐसे में स्थानीय चालकों के हितों की अनदेखी कर नई परिवहन व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है। महासंघ मांग करता है कि गोल्फ कारों के संचालन पर पुनर्विचार किया जाए तथा स्थानीय वाहन चालकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उचित समाधान निकाला जाए। महासंघ के महामंत्री नवीन तेश्वर ने कहा कि नगर निगम के कुछ अधिकारियों द्वारा हजारों परिवारों की आजीविका को प्रभावित कर एक ठेकेदार को रोजगार देने का प्रयास किया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल ई-रिक्शा चालकों की नहीं, बल्कि ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा यूनियनों से जुड़े हजारों वाहन स्वामियों, चालकों और उनके परिवारों के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा यूनियनों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 30 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे ऋषिकुल मैदान, हरिद्वार में सभी वाहन चालक एवं यूनियनों के प्रतिनिधि एकत्रित होंगे। इसके बाद नगर निगम हरिद्वार का घेराव कर गोल्फ कारों के संचालन के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। नवीन तेश्वर ने कहा कि फिलहाल महासंघ स्थानीय वाहन चालकों के हितों की रक्षा के लिए प्रारंभिक स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो उत्तराखंड की अन्य ट्रेड यूनियनों का सहयोग लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभिन्न संगठनों से बातचीत की जा चुकी है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। राजू मनोचा ने कहा है कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां पहले से ही यातायात का भारी दबाव रहता है। ऐसे में किसी भी नई परिवहन व्यवस्था को लागू करने से पहले स्थानीय परिस्थितियों, यातायात व्यवस्था और पहले से रोजगार कर रहे वाहन चालकों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। महासंघ ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी परिवहन व्यवस्था का अनुचित विरोध करना नहीं, बल्कि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के रोजगार की रक्षा करना है। महासंघ ने मांग की कि गोल्फ कारों के संचालन की वैधानिकता की जांच कराई जाए, उनके संचालन पर पुनर्विचार किया जाए तथा स्थानीय वाहन चालकों की समस्याओं का समाधान होने तक उनके हितों की अनदेखी न की जाए। अंत में महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर हजारों परिवारों की आजीविका की रक्षा करने की अपील की। प्रमुख मांगें: गंगा सारथी गोल्फ कारों के संचालन की वैधानिकता एवं संबंधित नियमों की जांच की जाए। गोल्फ कारों के संचालन पर पुनर्विचार किया जाए। स्थानीय ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाए। हजारों स्थानीय वाहन चालकों एवं उनके परिवारों की आजीविका की रक्षा की जाए। भीम कोटा यूनियन से अध्यक्ष अशोक कश्यप, पोस्ट ऑफिस यूनियन से अध्यक्ष देवा ठाकुर, महामंत्री सर्वेश, रेलवे स्टेशन अध्यक्ष रवि शर्मा, रोडवेज ऑटो यूनियन अध्यक्ष कपिल विष्णु, विष्णु अरोड़ा रोडवेज ई रिक्शा यूनियन अध्यक्ष परविंदर पंडित संजीव चतुर्वेदी पोस्ट ऑफिस ऑटो यूनियन अध्यक्ष काका संजीव चतुर्वेदी सर्वेश भाई चंडी देवी ऑटो यूनियन अध्यक्ष मनोज कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!