अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। जिला योजना समिति निर्वाचन–2026 के अंतर्गत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला योजना समिति) मयूर दीक्षित द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पूर्व में प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची पर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है।
यह अंतिम मतदाता सूची जनपद हरिद्वार के नगर निगम हरिद्वार, नगर निगम रुड़की, नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर, पाडली गुर्जर, रामपुर, मंगलौर, भगवानपुर, लक्सर तथा नगर पंचायत इमलीखेड़ा, झबरेड़ा, लंढौरा, पिरान कलियर और गंगनहर सहित संबंधित स्थानीय निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों के लिए जारी की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। यह सूची जिला योजना समिति निर्वाचन–2026 की आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में प्रभावी रहेगी।
