अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेला-2027, श्रावण कांवड़ मेला, गंगा दशहरा एवं चारधाम यात्रा के दृष्टिगत रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने तथा अंतरराज्यीय अपराधों की प्रभावी रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक जीआरपी उत्तराखण्ड हरिद्वार सुश्री अरुणा भारती द्वारा पुलिस अधीक्षक रेलवे कार्यालय, हरिद्वार के सभागार में एक महत्वपूर्ण इंटर स्टेट कॉर्डिनेशन मीटिंग (गोष्ठी) का आयोजन किया गया। बैठक में उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश राज्य के विभिन्न जीआरपी थानों, आरपीएफ एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। गोष्ठी के दौरान आगामी कुम्भ मेला-2027, श्रावण कांवड़ मेला, गंगा दशहरा एवं चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।बैठक में विशेष रूप से मेला एवं यात्रा अवधि के दौरान जीआरपी एवं आरपीएफ द्वारा संयुक्त ड्यूटी चार्ट तैयार किए जाने, संवेदनशील रेलवे स्टेशनों पर संयुक्त भीड़ प्रबंधन योजना लागू किए जाने तथा नजीबाबाद, सहारनपुर, हरिद्वार, रुड़की एवं अन्य महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर समन्वित रूप से सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था संचालित किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई।इसके अतिरिक्त रेल क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय अपराधियों एवं गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, अपराध संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, संयुक्त चेकिंग अभियान तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त ऑपरेशन संचालित किए जाने पर विशेष बल दिया गया।गोष्ठी में महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध, नशा तस्करी, चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं रेल संपत्ति की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही आधुनिक तकनीकों एवं सर्विलांस प्रणाली के प्रभावी उपयोग के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए जाने पर जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किए जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई कि आगामी कुम्भ मेला-2027, गंगा दशहरा, चारधाम यात्रा एवं श्रावण कांवड़ मेले के दौरान रेल यात्रियों को सुरक्षित, भयमुक्त एवं सुगम यात्रा वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
