श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में होगा नेत्र जाँच, रक्तदान एवं स्वास्थ्य-परीक्षण शिविर का आयोजन

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में निःशुल्क नेत्र जाँच रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन स्वराज फाउण्डेशन के सहयोग से किया जा रहा है। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार ने बताया कि महाविद्यालय के छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में अध्यनरत छात्रों की आँखों में अनेक प्रकार की समस्याएँ उत्पन्न हो जाती हैं; जो एक समय के बाद गम्भीर बीमारी का स्थान ले लेती हैं। शिविर में छात्रों की आँखों की जाँच योग्य एवं अनुभवी चिकित्सकों से करायी जाएगी। चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार छात्रों को आवश्यक दवाइयों का दिशा-निर्देश दिया जायेगा। आँखों के अतिरिक्त शरीर के अन्य भागों की भी जाँच की जाएगी। यदि किसी छात्र को कोई समस्या है तो वह अनुभवी चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श ले सकता है। महाविद्यालय न केवल छात्रों के प्रति अपितु अपने सामाजिक दायित्वों का भी समय-समय पर निर्वहण करता रहा है। इसीलिए इस शिविर का लाभ हरिद्वार के निवासी भी उठा सकते हैं। शिविर का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!