अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा
देहरादून। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब उनके कंधों पर उत्तराखंड के भविष्य को संवारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा से बच्चे न केवल अपना जीवन बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार होते हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके तहत विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है, जो राज्य गठन के बाद के समय और पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में लगभग दोगुनी है। उन्होंने युवाओं के भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में शिक्षा विभाग में 11,500 से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 3,500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक कंचन देवराड़ी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
