राज्य की खुशहाली के लिए संत समाज सदैव तत्पर : महामंडलेश्वर डॉ० सन्तोषानंद देव महाराज

अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा

हरिद्वार। श्री अवधूत मंडल आश्रम बाबा हीरा दास हनुमान जी मंदिर के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर डॉ० सन्तोषानंद देव महाराज ने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आश्रम में संत महापुरुषों के सानिध्य में राज्य की खुशहाली और तरक्की के लिए हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात संत-महापुरुषों को भोजन प्रसाद वितरण किया गया। डॉ० सन्तोषानंद देव महाराज ने कहा कि राज्य की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी को आपसी समन्वय स्थापित करना चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष स्नेह प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाएं लगातार उत्तराखंड को लाभान्वित कर रही हैं। सभी को राज्य की प्रगति के लिए मिलजुलकर प्रयास करने होंगे। महामंडलेश्वर ने कहा कि संत समाज सदैव श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करता आया है और प्रदेश की खुशहाली के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी करता रहता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ और मैदान के विवाद उत्पन्न नहीं करने चाहिए, क्योंकि प्रदेश में रहने वाले सभी उत्तराखंडी एक ही परिवार के अंग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!